हिमाचल के जिला लाहौल-स्पीति के ग्रांफू-काजा हाईवे 505 स्थित डोरनी नाला में हुए भूस्खलन में पर्यटक व अन्य यात्री फंस गए थे जिन्हे बीआरओ, पुलिस तथा स्थानीय लोगों ने रात साढ़े 12 बजे के करीब रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार लाहौल के कोकसर के साथ जीरो प्वाइंट ग्रांफू से करीब आठ किलोमीटर आगे डारनी नाला में बुधवार देर शाम करीब छह बजे तीन जगह पर भूस्खलन होने के कारण कोकसर की तरफ से आ रहे यात्रियों के वाहन फंस गए जिन्हे निकलने के लिए प्रशाशन द्वारा तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
बीआरओ की मशीनरी मौके के लिए रवाना हुई। इसके अलावा यात्रियों को जल्द से जल्द बचाने के लिए बीआरओ के टिप्पर, पांच जिप्सी और एक बोलेरो कैंपर सहित पुलिस कर्मियों और स्वयंसेवकों का एक दल भी घटनास्थल पर पहुंचा। बीआरओ, पुलिस और राजा घेपन रेस्क्यू टीम ने छह घंटे बाद रात साढ़े 12 बजे करीब 35 यात्रियों को रेस्क्यू किया। इसमें कुछ यात्री मनाली गए और कुछ को कोकसर में लोनिवि के रेस्ट हाउस और आसपास के होटलों में ठहराया गया। बीआरओ हाईवे को खोलने में जुटा है। वहीं बारिश के कारण मनाली-लेह नेशनल हाईवे तीन बारालाचा के पास भूस्खलन से यातायात के लिए बंद हो गया है। दोनों तरफ से कई वाहन फंस गए है। बीआरओ ने हाईवे को बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।
Leave Your Comment