हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच सोमवार को भारी बारिश ने तबाही मचाई है। प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर तम्बूमोड़, सोलन और सनवारा के समीप पहाड़ी दरक गई है। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को वन वे कर दिया गया है। भूस्खलन के बाद हाईवे करीब15 मिनट तक बंद रहा। फोरलेन कंपनी के कर्मचारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवे को वन वे कर वाहनों की आवाजाही शुरू की। हाईवे पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं। उधर, सूचना मिलने के बाद एसपी सोलन अभिषेक यादव भी मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि इस भूस्खलन से किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। चालकों से वाहन सावधानी पूर्वक चलाने का आग्रह किया गया है। फोरलेन पर जगह-जगह भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
Leave Your Comment